प्रबंध निदेशक की कलम से…

मानव जीवन में शिक्षा का स्थान सर्वोपरि है। शिक्षा से ही ज्ञान-ज्योति प्रज्वलित होती है, जो विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। शिक्षा के प्रचार-प्रसार में विद्यालयों की भूमिका बड़ी महत्वपूर्ण है। देश की भावी पीढ़ी को शिक्षित करने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अत्यावश्यक है। स्कूल से प्राप्त प्रारंभिक शिक्षा की नींव पर ही उच्च शिक्षा की भव्य इमारत का निर्माण होता है। देश व समाज के हित में देश के नागरिकों में अपनी इस अति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का अहसास है। हम विद्यार्थियों में नैतिकता, स्वानुशासन, गतिशीलता, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, दृढ़-निश्चय, लक्ष्य के प्रति लगन एवं सहयोग की भावना का बीजारोपण करते हैं, ताकि विद्यार्थी उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होकर देश व समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

इस संस्था में कुशल प्रबंधन, अध्यापकों की मेहनत के साथ-साथ अभिभावकों का भी सराहनीय योगदान रहा है। आदरणीय अभिभावकों के सपनों और आशाओं को मूर्त रूप देने के लिए हम पूर्ण सावधानी और ईमानदारी से शिक्षा के इस पावन मिशन में लगे रहेंगे। मुझे आशा है कि हम सभी अभिभावकों का स्नेह और सहयोग सदैव हमारे साथ रहेगा।

अंत में मैं सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल व गरिमामयी भविष्य की कामना करता हूँ।

अरुण कुमार
प्रबंध निदेशक